हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 62 वाहनों के चालान, चार बसें सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुबह चार बजे से चला विशेष चेकिंग अभियान, स्लीपर और पर्यटक बसों में मिलीं अनियमितताएं

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों के नियमों के अनुसार संचालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार बसों को सीज कर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन की टीम ने स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों की सघन जांच की। अभियान के दौरान कई बसों में परमिट शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का गलत इस्तेमाल और वाहनों की संरचना में अनधिकृत बदलाव पाए गए।

जांच टीम ने बसों के रिफ्लेक्टर, फिटनेस प्रमाणपत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की। तकनीकी निरीक्षण के दौरान सुरक्षा उपकरणों में कमियां मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसके अलावा व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की जांच कर ओवरलोडिंग तथा दस्तावेजों की कमी पर भी चालान किए गए।

एआरटीओ नेहा झा ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]