लखीमपुर खीरी। चिल्ड्रेन एस एकेडमी स्कूल में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक युवक स्कूल परिसर में घुसा और दूसरी मंजिल के क्लासरूम में बच्चों को पढ़ा रही महिला टीचर को गोली मार दी। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली।
घटना में महिला टीचर और युवक की मौत की सूचना है। फायरिंग की आवाज से स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह वारदात सदर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर हुई है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी युवक स्कूल में किस तरह दाखिल हुआ और घटना के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। घटना में दोनों की मौत की आधिकारिक पुष्टि और अन्य विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी।









