सोहगीबरवा में बाढ़ के बाद सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटा प्रशासन, सफाई-स्वास्थ्य से लेकर क्षति आकलन तक अभियान तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को सामान्य करने के लिए जिला प्रशासन ने राहत एवं पुनर्स्थापना कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर तीनों प्रभावित ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशुधन देखभाल, क्षति आकलन और राहत कार्य प्राथमिकता के आधार पर चलाए जा रहे हैं।

बाढ़ के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। तीनों ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक भवनों, सड़कों, नालियों और बाजार क्षेत्रों की सफाई कराई गई है। करीब 70 सफाईकर्मियों की टीम क्षेत्र में कैंप कर कार्य कर रही है। निगरानी के लिए एक एडीओ समेत 9 ग्राम पंचायत सचिव भी मौके पर तैनात हैं। बीडीओ निचलौल द्वारा कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 2 चिकित्सकों समेत 10 स्वास्थ्यकर्मियों की टीम प्रभावित गांवों में कैंप कर लोगों का परीक्षण और उपचार कर रही है। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

पशुधन विभाग की 6 सदस्यीय टीम पशुओं का उपचार करने के साथ मृत पशुओं के सुरक्षित निस्तारण और अन्य व्यवस्थाओं में जुटी है। वहीं, बाढ़ से हुई क्षति के आकलन के लिए 15 लेखपालों की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। सर्वेक्षण के आधार पर वास्तविक नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

तीनों प्रभावित ग्राम पंचायतों में कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं, जहां प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने एसडीएम समेत सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से राहत, स्वच्छता, स्वास्थ्य और क्षति आकलन के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]