सुरक्षित गाँव, सशक्त प्रहरी अभियान के तहत हापुड़ में ग्राम प्रहरी सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस लाइंस में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित

हापुड़। दीपक कश्यप उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सुरक्षित गाँव, सशक्त प्रहरी’ अभियान के तहत हापुड़ पुलिस लाइंस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनपद के ग्राम प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के उपरांत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों को धोती, साफा और अन्य सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान ग्राम प्रहरियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। गांवों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने, अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका होती है।

पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, हापुड़ सदर विधायक, धौलाना विधायक, गढ़मुक्तेश्वर विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों को जिम्मेदारियों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]