सिद्धार्थनगर। उसका बाजार थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में बुधवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब पशुओं को रखने वाली झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से एक भैंस, एक गाय और करीब 20 बकरियों की जलकर मौत हो गई।
आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मुश्किल हुई। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई। इसके बाद उसका बाजार पुलिस, पशु विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
पशुपालक तुलसी पासवान ने बताया कि वह छोटी सी झोपड़ी में साइकिल की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पशु ही उनकी आय का मुख्य सहारा थे। आग में सभी पशुओं की मौत होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।









