महराजगंज। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार को महराजगंज पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाने की टीम ने कोतवाली परिसर स्थित जीएसटी कार्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान साइबर टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों की निजी जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है।
साइबर विशेषज्ञों ने मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड इस्तेमाल करने, पासवर्ड मैनेजर का उपयोग करने तथा महत्वपूर्ण खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और पासकी सुविधा सक्रिय रखने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षित रिकवरी विकल्प अपडेट रखने पर जोर दिया।
टीम ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
इस दौरान निरीक्षक राघवेंद्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अमित यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल प्रफुल्ल यादव, हेड कांस्टेबल रामनिवास भार्गव और महिला कांस्टेबल प्राची मौजूद रहीं।
पुलिस टीम ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।









