सहारनपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र की पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने घर के बरामदे में मौजूद डिप्टी कमिश्नर की बेटी को पिस्टल जैसा हथियार दिखाकर धमकाया और घर के अंदर चलने के लिए कहा। बेटी के शोर मचाने पर उसकी मां बाहर आईं तो युवक ने उन्हें भी हथियार दिखाकर धमकाया।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर राजीव कुमार शाक्य पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी के के-147 में ऊपरी मंजिल पर किराये के मकान में रहते हैं। 16 सितंबर की शाम करीब 7:55 बजे 22-23 साल का एक युवक उनके घर पहुंचा। युवक ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और उसके हाथ में पिस्टल जैसा हथियार था।
आरोप है कि युवक ने बरामदे में मौजूद उनकी बेटी को हथियार दिखाकर अंदर चलने के लिए कहा। बेटी के शोर मचाने पर उसकी मां भी बाहर आ गईं। युवक ने उन्हें भी धमकाते हुए अंदर चलने के लिए कहा। दोनों के शोर मचाने पर राजीव कुमार शाक्य कमरे से बाहर आए। उन्हें देखते ही आरोपी जीने से नीचे उतरकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद डिप्टी कमिश्नर ने सदर बाजार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।









