बहराइच। श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना क्षेत्र स्थित विरलन बाजार गांव में घर के अंदर सो रहे एक युवक को सांप ने काट लिया। सर्पदंश के बाद परिजन आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए बहराइच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुलदीप गुप्ता के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार गुप्ता के मुताबिक, रात करीब 10 बजे परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान कुलदीप को सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों के अनुसार, बहराइच जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।









