बेटी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से बनवाए थे गहने, भोर में जागने पर हुई चोरी की जानकारी
कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नं 10 वाल्मीकिनगर (बरवा जंगल) में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। कमरे में रखा बक्सा तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार में दो महीने बाद बेटी की शादी होनी है। ऐसे में चोरी से शादी की तैयारियों को लेकर परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गृहस्वामी बाबूलाल खरवार आजीविका के सिलसिले में गोवा में काम करते हैं। घर पर उनकी पत्नी मीना देवी तीन बेटियों के साथ रहती हैं। मीना देवी के अनुसार, शुक्रवार रात सभी लोग भोजन करने के बाद सो गए। शनिवार भोर करीब चार बजे नींद खुली तो कमरे में रखा बक्सा टूटा मिला। कमरे का सामान भी बिखरा हुआ था
बक्से में रखा सोने का हार, कान की बाली, अंगूठी, नाक की कील और चांदी की पायल समेत शादी के लिए तैयार कराए गए लाखों रुपये के जेवर गायब थे। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मीना देवी ने बताया कि दो महीने बाद बेटी की शादी तय है। शादी के लिए वर्षों की मेहनत से एक-एक गहना बनवाकर रखा गया था। चोरों के हाथ साफ कर देने से परिवार की सारी तैयारियां प्रभावित हो गई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पाण्डेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर घटना का खुलासा किया जाएगा।









