राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा आलमाइटी का छात्र, भारत मंडपम में प्रस्तुत करेगा विज्ञान मॉडल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बृजमनगंज/महराजगंज। इन्स्पायर-मानक के अंतर्गत मेंटरशिप वर्कशॉप-2026 का आयोजन 15 एवं 16 सितंबर को दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, दिल्ली में किया गया। दो दिवसीय इस कार्यशाला में देशभर से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के नवाचारों को बेहतर बनाना, उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा उनके विचारों को उपयोगी प्रोटोटाइप के रूप में विकसित करने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।

इस राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण कार्यशाला में आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज, बृजमनगंज के छात्र अमन अहमद ने प्रतिभाग कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को नवाचार की प्रक्रिया, समस्या-समाधान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मॉडल की उपयोगिता और प्रोटोटाइप निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके मॉडल को और अधिक प्रभावी तथा उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सहभागिता से उनमें रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने अमन की उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने बताया कि छात्र अमन अहमद ने ट्रेन में आग लगने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए फायर अलार्म सिस्टम का मॉडल तैयार किया है। इस मॉडल की खासियत यह है कि निर्जन स्थान पर ट्रेन में आपात स्थिति उत्पन्न होने पर वाशरूम में उपलब्ध पानी का इस्तेमाल कर तत्काल आग पर काबू पाने की व्यवस्था की जा सके।

अमन के इस नवाचार का चयन अब राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल प्रस्तुति के लिए हुआ है। वह 12 से 14 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अपना विज्ञान मॉडल प्रस्तुत करेगा। अमन की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षक और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]