रायबरेली। महराजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के मामले का खुलासा किया है। थुलवांसा चेकिंग स्थल पर वाहनों की जांच के दौरान टीम ने एक ट्रक कंटेनर से अंग्रेजी शराब की 402 पेटियां बरामद कीं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को चेकिंग के दौरान आबकारी विभाग से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर बाराबंकी की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसओजी, सर्विलांस, आबकारी विभाग और महराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोका। तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 402 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने ट्रक चालक एवं कथित तस्कर शाकिर, निवासी कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि शराब को चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। तस्करी के लिए फर्जी टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल और बिल्टी का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। दस्तावेजों में शराब की जगह सामान को ‘Pesticides and Fertilizers Boxes’ के रूप में दर्शाया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने मालिक सरताज अली के साथ मिलकर चंडीगढ़ से अवैध शराब बिहार पहुंचाने का काम करता था। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट: मनीष अवस्थी









