राजनीति नहीं, पूर्वजों की मिट्टी खींच लाई उन्नाव : बृजभूषण शरण सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मां पूर्वी देवी मंदिर में किया दर्शन-पूजन, उन्नाव से चुनाव लड़ने की अटकलों को किया खारिज

उन्नाव। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को उन्नाव पहुंचे। उन्होंने पुरवा विधानसभा क्षेत्र के असोहा स्थित प्रसिद्ध मां पूर्वी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में आयोजक सतीश त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। उनके साथ गोल्डी सिंह भी हेलीकॉप्टर से पहुंचे थे।

मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने अपने दौरे को गैर-राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि वह राजनीति करने नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों की मिट्टी से जुड़ने आए हैं। उनके अनुसार, वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के कारण उनके पूर्वज पुरवा तहसील के रंजीत पूर्वा गांव से गोंडा चले गए थे।

उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ना गर्व की बात है। उन्नाव से आगामी चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि इसका कोई सवाल ही नहीं उठता।

वहीं, विधायक अनिल सिंह की टिप्पणी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से जुड़े सवालों पर उन्होंने ‘नो कमेंट’ कहा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को गलत बताते हुए उन्होंने विपक्ष को जनता के बीच जाकर चुनाव जीतने की सलाह दी। दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने का आरोप भी लगाया।

इस दौरान उन्होंने लोगों को अपनी आगामी ‘राष्ट्रकथा’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं के भोजन और ठहरने की व्यवस्था उनकी ओर से की जाएगी।

 

लोकेशन – उन्नाव

रिपोर्ट – निशानाथ पाण्डेय

और पढ़ें

[the_ad id="164"]