मौसम बदलते ही बढ़ा वायरल फीवर का प्रकोप, सीएचसी तुर्कहा में उमड़ी मरीजों की भीड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुर्कहा में वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। अस्पताल में इलाज के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जिससे स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने वाले अधिकांश मरीजों में बुखार और सिरदर्द जैसे लक्षण पाए जा रहे हैं। अचानक बारिश और फिर तेज धूप के कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। चिकित्सकों के अनुसार ऐसे मौसम में वायरल संक्रमण समेत कई मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में उपचार और जांच को लेकर भी दबाव देखने को मिला। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टरों की कमी के चलते उन्हें समय पर उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या के मुकाबले चिकित्सकों की उपलब्धता कम होने से मरीजों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध हों तो मरीजों को बेहतर और समय से उपचार मिल सकता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएचसी तुर्कहा पर अतिरिक्त चिकित्सकों और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जाए।

फिलहाल मौसम में लगातार बदलाव के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सावधानी बरतने, साफ पानी पीने और बुखार या अन्य लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील कर रहे हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]