मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में महिला से कुंडल लूट की घटना के खुलासे के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में कुंडल लूट का आरोपी परवेज पुत्र असलम घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का कुंडल छीन लिया था। घटना के खुलासे के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की टीम गठित की गई थी।
देर रात रुड़की रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामपुर तिराहे की ओर से बाइक सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसने रुकने के बजाय फायरिंग कर दी और बाइक लेकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागा और वहां से भी पुलिस टीम पर फायरिंग की। चेतावनी के बाद भी फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया एक कुंडल, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद करने का दावा किया है।
घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: खुर्शीद राणा
जनपद: मुजफ्फरनगर









