महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत थाना कोतवाली की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने पीएम अपर प्राइमरी स्कूल, सोनरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों और जरूरत के समय उपलब्ध पुलिस एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान म0उ0नि0 ज्योति राय, म0आ0 दीक्षा सिंह एवं म0आ0 निशा कुमारी ने बालिकाओं को महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। टीम ने पॉक्सो एक्ट के बारे में बताते हुए बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल संबंधित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए कहा गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में बताया। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गईं।
पुलिस टीम ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है, ताकि बालिकाएं अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक होकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग कर सकें।









