महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत थाना सोहगीबरवा पुलिस ने ग्राम भोथहा में ‘बहु-बेटी सम्मेलन’ आयोजित किया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
थाना सोहगीबरवा पुलिस टीम की कांस्टेबल मन्नु गौड़ एवं महिला कांस्टेबल रूपाली पांडेय ने सम्मेलन में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान समाज में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों, जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और दुष्कर्म आदि से बचाव तथा ऐसी परिस्थितियों में कानून की मदद लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा समेत साइबर अपराध से संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। महिलाओं को इन हेल्पलाइन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस और संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की।
संवाद के दौरान कम उम्र में घर से भागने (एलोपमेंट) से उत्पन्न होने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। पुलिस टीम ने बालिकाओं एवं महिलाओं को इसके संभावित सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। साथ ही परिवार के सदस्यों से बच्चों और किशोरियों के साथ संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को समझने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। सम्मेलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं तक महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाई गईं।









