महिला अस्पताल में गर्भवती की मौत पर हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर भी उठाए सवाल, पुलिस ने शव मर्चरी में रखवाया

महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित महिला अस्पताल में शनिवार को गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर समय से उपचार नहीं कराने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के दड़ौली गांव निवासी अमित की पत्नी चंदा को शनिवार को प्रसव पीड़ा हुई। पति अमित उसे सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अमित के मुताबिक, अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। महिला के गर्भ में नौ माह का बच्चा था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से चंदा की जान गई। हालांकि, अस्पताल की डॉक्टर रूपाली, शालिनी, शिल्पा और हर्षिता ने बताया कि महिला की हालत बेहद गंभीर थी और सांसें उखड़ रही थीं। उसे तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया था।

सूचना पर कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अजय वर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव मर्चरी में रखवाया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]