महराजगंज। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने सक्सेना नगर चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के आवश्यक कागजात की जांच की गई।
यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन कराना और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाना है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान ऐसे कई ई-रिक्शा चालक सामने आ रहे हैं, जिनके पास वाहन के जरूरी कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं हैं। इसके अलावा, कुछ ई-रिक्शा चालकों ने तीन महीने बीत जाने के बावजूद अपने वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगवाई है। ऐसे वाहन यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं।
यातायात प्रभारी ने चालकों से अपील की कि वे अपने ई-रिक्शा के सभी आवश्यक कागजात पूरे रखें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और वाहन पर नियमानुसार नंबर प्लेट जरूर लगवाएं। बिना आवश्यक कागजात और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस दौरान टीएसआई सलाउद्दीन खान सहित यातायात पुलिस के अन्य कर्मी मौजूद रहे।









