महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव निवासी 40 वर्षीय साहेब चौधरी की मंगलवार दोपहर पानी में डूबने से मौत हो गई। उनका शव: श्यामदेउरवा-बड़हरा-बरईपार मार्ग पर स्थित एक शराब ठेके के सामने सड़क किनारे खेत में भरे पानी में मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने पानी में युवक का शव पड़ा देखा तो तत्काल इसकी सूचना श्यामदेउरवा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अंजनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, जिसके बाद मृतक की पहचान महम्मदा गांव निवासी साहेब चौधरी पुत्र रामअवध चौधरी के रूप में हुई। बताया गया कि साहेब चौधरी बाहर रहकर काम करते थे और रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने घर आए हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी और बड़ी बहन भी घटनास्थल पर पहुंचीं। शव को देखकर दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के पहुंचने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में पानी में डूबने से हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









