महराजगंज में मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने की अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष अभियोगों, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा की गई। अपहृत/अपहृता और गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के संबंध में भी जानकारी ली गई। ई-साक्ष्य, एसआईडी, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन कन्विक्शन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।

एसपी ने आईजीआरएस, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर मामलों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर रिपोर्ट भेजने तथा विवेचनाओं को निर्धारित समय में पूरा कर न्यायालय में समय से आरोप पत्र दाखिल करने को कहा गया। मुकदमों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों का नियमित सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

यूपी-112 पीआरवी के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को सूचना मिलते ही समय से घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।

भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए। चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आभूषण की दुकानों, होटलों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया।

एसपी ने आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, थाने-चौकियों पर अनावश्यक व्यक्तियों की आवाजाही नियंत्रित करने और मिशन शक्ति केंद्र को सशक्त बनाने पर जोर दिया। पोक्सो एक्ट के मामलों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था मजबूत रखने, बीपीओ के साथ साप्ताहिक बैठक करने, क्षेत्र की जानकारी अद्यतन रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने को कहा गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति पीड़ित के निवास स्थान तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]