महराजगंज में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि, सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव बोले- नेताजी के विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत

महराजगंज। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि नेताजी की पुण्यतिथि हर वर्ष पूरे देश में मनाई जाती है। मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बिताया। उनके विचार आज भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

पूर्व विधायक प्रत्याशी निर्मेश मंगल ने कहा कि नेताजी एक जुझारू और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया। आज पार्टी के कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के नेता दिलीप शुक्ला ने कहा कि 10 अक्टूबर को नेताजी की पुण्यतिथि पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। वहीं, श्रवण कुमार पटेल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को वर्ष 2023 में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उनके सार्वजनिक जीवन और देश के प्रति योगदान का प्रतीक है।

मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी निभाई। उनके राजनीतिक योगदान को आज भी याद किया जाता है। जिला अध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में मुख्य रूप से बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी राजेश यादव, बिंद्रेश कनौजिया, जिला उपाध्यक्ष विजय यादव, दिलीप शुक्ला ,कुंवर यज्ञ दत्त पासवान, अमरजीत साहनी ,शमशुल हुदा, विजय जायसवाल ,विकास यादव, राजेश निषाद, अमित यादव ,अमरनाथ यादव , पूर्व विधायक पद प्रत्याशी निर्मेश मंगल, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद ,शमीम खान,आदि लोग मौजूद थे

और पढ़ें

[the_ad id="164"]