प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में कोतवाली पुलिस ने मंदिर से हनुमान जी के कान के कुंडल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सुलाकी चौराहा स्थित शिव मंदिर का है, जिसे कैबिनेट मंत्री नंदी के मनोकामना मंदिर के रूप में भी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा से कान के कुंडल चोरी होने की शिकायत के बाद मामले के खुलासे के लिए एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने पुलिस टीम गठित की थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने आरोपी नितिन कुमार को मोती पार्क के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से 97.5 ग्राम सफेद धातु का कुंडल और 230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी जीपी पांडेय समेत पुलिस टीम शामिल रही। एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 5 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बाइट—निकिता श्रीवास्तव, एसीपी









