हापुड़। मतदाता सूची में कथित धांधली और फर्जीवाड़े के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए निर्वाचन आयोग के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़ने और वैध मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। सपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
रिपोर्ट: दीपक कश्यप, हापुड़









