कुशीनगर। जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के परवरपार मल्लाह टोली में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरेलू विवाद के बाद एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची रामकोला पुलिस ने करीब एक घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद पुलिस ने महिला को परिजनों के साथ घर भेज दिया। मामले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, परवरपार मल्लाह टोली निवासी आशा देवी (35), पत्नी मुरत खटिक की बेटी के पैर में चोट लग गई थी। बेटी के इलाज और अन्य जरूरतों के लिए आशा देवी ने अपने पति से दो लाख रुपये की मांग की। पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और इतनी बड़ी रकम तत्काल उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई। बताया जाता है कि रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
इसी बात से नाराज होकर आशा देवी शनिवार सुबह करीब 9:10 बजे गांव में स्थित एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और लोग महिला को नीचे उतरने के लिए समझाने लगे। स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामकोला पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाते हुए उसकी समस्या सुनने और सुरक्षित नीचे आने के लिए कहा।
इस बीच बताया गया कि महिला का पति भी उसे समझाने और नीचे उतारने के प्रयास में टावर पर चढ़ गया था।पुलिस और परिजनों की ओर से काफी देर तक समझाने के बाद महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के मुताबिक महिला को नीचे उतारने के बाद उसे समझाया गया और परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।घटना को लेकर गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। महिला के टावर पर चढ़ने से पुलिस के सामने भी उसे सुरक्षित उतारने की चुनौती थी। पुलिस की सूझबूझ और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटनास्थल रामकोला थाने से करीब सात किलोमीटर दूर बताया गया है।









