महराजगंज। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बृजमनगंज पुलिस ने बलात्कार के मुकदमे में वांछित अभियुक्त पवन पुत्र अवधराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कलवारगढ़ निवासी कैस मोहम्मद ने अपनी पुत्री के साथ छेड़खानी के संबंध में थाना बृजमनगंज में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 199/2026 के तहत धारा 75, 352 और 351(3) BNS में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान धारा 180 और 183 BNSS के तहत दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1) BNS की बढ़ोतरी की गई।
मामले में वांछित अभियुक्त पवन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 01 सितंबर 2026 को बृजमनगंज पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।









