कन्नौज। बारिश के बाद जिले में डेंगू को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 58 डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें छिबरामऊ, उमर्दा और तिर्वा क्षेत्र में अधिक मरीज सामने आने की बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कही है।
सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा के मुताबिक डेंगू से निपटने के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की निगरानी और उपचार की व्यवस्था में जुटा हुआ है।
सीएमओ ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखने और कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म कर डेंगू के संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू अथवा किसी अन्य बीमारी से मौत होने की बात से इनकार किया है। विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।









