बाराबंकी में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत निकली भव्य जागरूकता रैली, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और एसपी रवीना त्यागी ने दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी में शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने रिजर्व पुलिस लाइन, बाराबंकी से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में महिला पुलिसकर्मियों, आशा बहुओं, सफाईकर्मियों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर कंपनी बाग, बस अड्डा और जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज मार्ग से होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बाइट: रवीना त्यागी, पुलिस अधीक्षक, बाराबंकी

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत आयोजित इस जागरूकता रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना रहा।

रिपोर्टर: रवेंद्र वर्मा
मोबाइल: 9793262646

और पढ़ें

[the_ad id="164"]