बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद पर कथित हमले के विरोध में आजाद समाज पार्टी का धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद पर कथित पथराव की घटना के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहराइच में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष सोहेल अख्तर ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सांसद की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की।

जिलाध्यक्ष सोहेल अख्तर ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा में विनोद साहनी की हत्या और अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी में पुलिस द्वारा उन्हें रोका गया और बुदवल गेस्ट हाउस ले जाया गया। उनके मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने से सांसद की गाड़ी और कार्यकर्ताओं को नुकसान पहुंचा।

पार्टी पदाधिकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा तत्काल बढ़ाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसी घटना के विरोध में राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर 16 सितंबर को धरना आयोजित किया गया।

धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने संविधान और कानून के अनुरूप कार्रवाई की मांग की।

धरने में राष्ट्रीय कोर कमेटी के सचिव रामेश्वर पवन, पटेल जी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]