बाराबंकी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बाराबंकी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 7.05 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 5.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने विकासखंड कार्यालय निंदूरा और फतेहपुर में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों और मतदाताओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,808 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 142 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।









