महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के बहुआर कला में एक इलेक्ट्रिक की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा नगदी और सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दुकान स्वामी ने स्थानीय पुलिस चौकी पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी व्यक्ति की बहुआर कला में इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है। दुकान स्वामी के मुताबिक वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। इसी दौरान बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।
दुकान स्वामी के अनुसार चोरों ने दुकान में रखा नगदी और इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित ने घटना की सूचना स्थानीय चौकी पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और तलाश में जुटी है। पीड़ित ने चोरी हुए सामान और नगदी का आकलन कर पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।









