पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), गुरुवार। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद बुधवार की शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। बच्चों के विवाद को लेकर परिवार के बड़े आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बबलू सोनकर (27) पुत्र कन्हैया सोनकर पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बबलू को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
गुरुवार को इलाज के दौरान मौ
गुरुवार को उपचार के दौरान बबलू सोनकर ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। सर सुंदरलाल अस्पताल में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों के साथ ही मारपीट और चाकू से हमला करने में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार जायसवाल









