फर्रुखाबाद। शहर के पल्ला बाजार रेलवे रोड पर मामूली विवाद में दबंगों द्वारा दुकान के कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोप है कि दबंगों ने पुलिस के सामने भी मारपीट जारी रखी। मामले में कोतवाली प्रभारी ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, दुकान पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद कुछ युवकों ने दुकान के कर्मचारी गगन के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाजार में काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने कर्मचारी को बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई।
आरोप है कि पल्ला चौकी से कुछ दूरी पर घटना होने के बावजूद काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गहलोत पुलिस टीम के साथ पहुंचे। आरोप है कि उनके सामने भी मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।









