फतेहपुर में बड़ी नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फतेहपुर के बहुआ क्षेत्र में निचली गंगा नहर प्रखंड यानी बड़ी नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ललौली थाना क्षेत्र के बड़ी नहर कोठी के पास नहर की झाल में करीब 40 वर्षीय युवक का शव फंसा हुआ ग्रामीणों ने देखा। शव दिखाई देने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव और बहुआ चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी।पुलिस के अनुसार मृतक काली पैंट, काली अंडरवियर और काला बेल्ट पहने हुए था। युवक का रंग गोरा और शरीर दोहरे बदन का बताया गया है।

प्रारंभिक तौर पर शव करीब पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।वहीं, स्थानीय लोगों में चर्चा है कि शव नहर के पानी के बहाव के साथ किसी दूसरे जनपद की ओर से बहकर यहां पहुंचा हो सकता है।

हालांकि शव वास्तव में कहां से आया और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ आसपास के थानों से भी गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल बड़ी नहर में अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

लोकेशन – फतेहपुर यूपी
रिपोर्ट – शिवम् अवस्थी,

और पढ़ें

[the_ad id="164"]