कानपुर। जूही थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस ले जाने की सूचना के बाद हंगामा हो गया। क्षेत्रीय लोगों ने कथित तौर पर मांस ले जा रहे दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर शिवशक्ति अखाड़ा के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
कार्यकर्ताओं ने नौबस्ता के मछरिया और जाजमऊ स्थित स्लॉटर हाउस को बंद कराने तथा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने के बाहर नारेबाजी भी की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से स्लॉटर हाउस संचालित किए जा रहे हैं।
मामले की सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा समेत सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से कथित प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बरामद मांस को जांच के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आरोपों और बरामदगी की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस प्रतिबंधित श्रेणी का है या नहीं और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।









