महराजगंज, 21 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन महराजगंज में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक और उपस्थित अधिकारियों ने अमर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। साथ ही, सभी ने मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनसुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। कर्तव्यपथ पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों का साहस और सेवा भावना सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र और समाज के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
इस अवसर पर महराजगंज पुलिस ने शहीदों को नमन करते हुए जनसेवा, सुरक्षा और कर्तव्यपालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।








