निचलौल और सिसवा के नागरिकों को हो रही परेशानी, डीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर सुविधा बहाल करने की मांग
महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल और नगर पालिका परिषद सिसवा में पिछले करीब पांच वर्षों से परिवार रजिस्टर की नकल जारी नहीं होने का मुद्दा सोमवार को उठाया गया। इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं सिसवा विधानसभा क्षेत्र 317 के प्रभारी जाहिद अली के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार निचलौल को सौंपकर शहरी क्षेत्रों में भी परिवार रजिस्टर की नकल जारी कराने की मांग की गई।
जाहिद अली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार रजिस्टर की नकल जारी की जा रही है, लेकिन नगर पंचायत निचलौल और नगर पालिका परिषद सिसवा के निवासियों को करीब पांच वर्षों से इस सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके कारण लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी दस्तावेज बनवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के अलावा विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन, शादी अनुदान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, बीमारी अनुदान तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए आवेदन करने में भी परिवार रजिस्टर की नकल की जरूरत पड़ती है। इसके अभाव में पात्र लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन, वारिस प्रमाण पत्र, वरासत, राशन कार्ड और आवास योजनाओं से जुड़े कार्यों में भी इस दस्तावेज की आवश्यकता होती है। न्यायालय में मुकदमों, बीमा दावा प्राप्त करने और बैंक खाताधारक की मृत्यु के बाद खाते में जमा धनराशि निकालने के लिए भी इसकी जरूरत पड़ सकती है।
शहरी क्षेत्रों में भी सुविधा शुरू करने की मांग
पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों की तरह नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में भी परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने की व्यवस्था की जाए, ताकि नागरिकों को जरूरी दस्तावेज बनवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
प्रदर्शन के दौरान रामनरेश, विनय भारती, महफूज आलम, शमसुद्दीन, दशरथ, सत्तार अली, रज्जाक अली, शैलेश शर्मा, रामाश्रय, जितेंद्र, सुदामा, इसहाक अली, सुरेंद्र, भगवंत, समतुल्लाह, गोवरी, मोहर्रम, ललित भारती, जाहिर, परदेसी, इदरीश, शौकत, निजामुद्दीन और छेदी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









