झांसी। चर्चित ड्रग पेडलर परवेज अली हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। चार और गिरफ्तारियों के बाद मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, परवेज अली हत्याकांड का खुलासा पहले ही किया जा चुका है। विवेचना के दौरान फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी थी। इसी क्रम में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामले में पुलिसकर्मी आशीष का नाम भी आरोपी के तौर पर सामने आया है। वहीं, घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों से कथित तौर पर छिपाने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।









