पडरौना में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, डीएम संजय चौहान ने युवाओं की मांग स्वीकार की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में कुशीनगर में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। पडरौना नगर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग को जिलाधिकारी संजय चौहान ने स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग पर भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

150 से अधिक सक्रिय छात्र-छात्राओं वाले यूथ क्लबों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी संजय चौहान से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। कक्षा 11 की 16 वर्षीय छात्रा और तीन यूथ क्लबों की संस्थापक रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पडरौना में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आधुनिक शैक्षिक संसाधनों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी की मांग स्वीकार की। साथ ही बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से मार्शल आर्ट प्रशिक्षण की मांग को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

तीन कॉलेजों में सक्रिय हैं यूथ क्लब

रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में यूथ क्लब पिछले कई महीनों से पडरौना के हनुमान इंटर कॉलेज, उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज और स्यो बाई कमला देवी टिबड़ेवाल इंटर कॉलेज में सक्रिय हैं। इन क्लबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपने विचार, समस्याएं और भविष्य से जुड़ी चिंताएं खुलकर रखने का अवसर मिलता है।

क्लब की हालिया बैठकों में विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा की बेहतर सुविधाओं और बालिकाओं की आत्मरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा हुई थी। इसी विचार-विमर्श के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

युवाओं की पहल की डीएम ने की सराहना

जिलाधिकारी संजय चौहान ने बच्चों की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यूथ क्लब युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और उन्हें समाजहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सामने रखने और उनके समाधान की दिशा में पहल करने का अवसर देती हैं।

इस अवसर पर हनुमान इंटर कॉलेज पडरौना की छात्राएं श्रेया जायसवाल, मांडवी सिंह और सोनम केसरी तथा उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज की आराधना सिंह, अंशिका वर्मा, रत्ना कुशवाहा, अदिति पांडेय और राबिया तबस्सुम सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहीं।

युवाओं की इस पहल से विद्यार्थियों में बेहतर शैक्षिक सुविधाओं और बालिकाओं की आत्मरक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है। अब डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना और मार्शल आर्ट प्रशिक्षण की दिशा में आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]