नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक को लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे बदमाश, तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे बदमाश को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, छीना गया मोबाइल फोन और चोरी की बाइक बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर-20 पुलिस डीएलएफ तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के सामने झाड़ियों के पास बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और 12,400 रुपये बरामद किए।

वहीं, फरार दूसरे आरोपी दानिश को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से स्नैचिंग का मोबाइल फोन और दो हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने चोरी की अपाचे बाइक भी कब्जे में ले ली है।

घायल आरोपी सलमान को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]