चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निजी विद्यालय की बस की चपेट में आने से साइकिल सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अधेड़ व्यक्ति साइकिल से मारुफपुर क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह निजी विद्यालय की बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और दुर्घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए।
मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक की उम्र करीब अधेड़ बताई जा रही है। उसने सफेद रंग की शर्ट और काले रंग का छींटेदार पैंट पहन रखा था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मृतक की तस्वीर के माध्यम से पहचान कराने में जुटी है। हादसे में शामिल निजी विद्यालय की बस की तस्वीर भी पुलिस ने सुरक्षित कर ली है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और बस की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल बस की तस्वीर ले ली गई है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार जायसवाल









