निचलौल में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला 34 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ओड़वलिया के टोल हनुमानगंज में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 34 वर्षीय युवक देवाशीष यादव पुत्र स्वर्गीय रामानंद यादव का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले देवाशीष यादव का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। घटना के बाद देवाशीष घर पर ही रह रहा था। परिजनों के अनुसार वह मजदूरी का काम करता था।

देवाशीष अपनी करीब 70 वर्षीय मां ज्ञानती देवी के साथ अलग मकान में रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई आशुतोष यादव करीब 40 वर्ष का है और गांव में ही दूसरे मकान में अपने परिवार के साथ रहता है।

मां ज्ञानती देवी ने बताया कि रविवार सुबह वह सोकर उठीं और घर की सफाई करने के लिए बेटे के कमरे में गईं। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि देवाशीष का शव छत की कुंडी से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाया। जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद से वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है और परिवार के लोग सदमे में हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]