तहसील गेट पर बाइक में घुसा विषैला सर्प, चेन में फंसे सर्प की बाइक स्टार्ट होने से कटकर मौत, लोगों की लगी भीड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगरतमकुहीराज तहसील गेट के सामने गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फरियादी की बाइक में अचानक एक विषैला सर्प घुस गया। घटना के दौरान तहसील परिसर के बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तहसील गेट के बगल में स्थित एक चाय की दुकान पर बैठे ग्राहकों ने सबसे पहले सर्प को बाइक में घुसते हुए देखा। उन्होंने तत्काल बाइक स्वामी और आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही लोगों ने सावधानी बरतते हुए बाइक से सर्प को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।

सर्प को निकालने के लिए लोगों ने बाइक की सीट, साइड कवर और अन्य बाहरी ढक्कनों को खोलकर अलग कर दिया, लेकिन काफी देर तक सर्प दिखाई नहीं दिया। काफी मशक्कत के बाद पता चला कि विषैला सर्प बाइक की चेन में फंस गया है।

इसी दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बाइक को मेन स्टैंड पर खड़ा कर स्टार्ट कर दिया, जिससे घूमती हुई चेन में फंसा सर्प कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने मृत सर्प को बाइक से बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग काफी देर तक सर्प को देखने के लिए खड़े रहे और घटना चर्चा का विषय बनी रही। उधर, बाइक से सर्प निकल जाने के बाद बाइक स्वामी ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते सर्प दिखाई नहीं देता तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी। समय रहते लोगों की सतर्कता से संभावित खतरा टल गया, हालांकि इस दौरान सर्प की मौत हो गई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]