झांसी। शहर के व्यस्त इलाइट चौराहे पर गुरुवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस को एक ऐसी ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए। ट्रॉली में करीब 40 महिला-पुरुष सवार थे। यात्रियों को दो स्तरों पर बैठाया गया था। नीचे महिलाओं के बैठने की व्यवस्था थी, जबकि ऊपर पुरुष बैठे हुए थे।
वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर इस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल वाहन को रुकवाकर यात्रियों को नीचे उतरवाया। पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आए थे और ओरछा स्थित रामराजा मंदिर में दर्शन करने के बाद इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे।
करीब 40 लोगों को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर यात्रा कराए जाने को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण माना। पुलिस ने सभी यात्रियों को वाहन से उतारकर सुरक्षित साधन से यात्रा करने की सलाह दी। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर सफर करना हादसे की स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के अनियंत्रित होने या दुर्घटना होने पर बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो सकते हैं।
इलाइट चौराहे पर कुछ देर के लिए यह ट्रैक्टर-ट्रॉली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।









