जागरण विमर्श कॉनक्लेव-2026 में डीएम-एसपी ने प्रशासनिक व सुरक्षा चुनौतियों पर साझा किए विचार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। दैनिक जागरण की ओर से आयोजित जागरण विमर्श कॉनक्लेव-2026 में पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उन्होंने प्रशासनिक व सुरक्षा चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए और जनपद की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

एसपी ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश और तकनीकी दौर में प्रशासन एवं पुलिस के सामने सुरक्षा चुनौतियों का स्वरूप लगातार बदल रहा है। ऐसे में तकनीक के प्रभावी उपयोग, सतर्क पुलिसिंग, जनसहयोग और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आमजन का विश्वास पुलिस की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है। पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करना है। इसके लिए पुलिस स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

एसपी ने मंच के माध्यम से जनपदवासियों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अपराध की बदलती प्रकृति के अनुरूप पुलिसिंग में आवश्यक बदलाव और तकनीकी संसाधनों का उपयोग जरूरी है। साथ ही नागरिकों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने दैनिक जागरण की ओर से आयोजित विमर्श को संवाद और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया। कहा कि ऐसे मंच प्रशासन, पुलिस, समाज और नागरिकों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]