जल जीवन मिशन के ट्यूबवेल का ताला तोड़कर तीन लाख का सामान चोरी, 4,500 घरों की पानी सप्लाई ठप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के नियामताबाद ब्लॉक स्थित कबीरपुर (दरियापुर) गांव में चोरों ने जल जीवन मिशन के ट्यूबवेल पंप को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी के बाद गांव के करीब चार से साढ़े चार हजार घरों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।

जानकारी के अनुसार, पंचायत भवन के पास बने ट्यूबवेल पंप पर तैनात ऑपरेटर राहुल पटेल शनिवार सुबह पंप चालू करने पहुंचा। कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर कई जरूरी मशीनें और विद्युत उपकरण गायब मिले।

ऑपरेटर के मुताबिक चोर कटर मशीन, ग्राइंडर, दो ड्रिल मशीन, एलटी पैनल की दो पंप मशीन, पैनल का पूरा तार और करीब 20 लीटर वाले छह पेंट के डिब्बे समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

4,500 घरों की पानी सप्लाई प्रभावित

कबीरपुर गांव में इसी ट्यूबवेल से करीब चार से साढ़े चार हजार घरों में पानी की आपूर्ति होती है। मोटर और पैनल से जुड़े जरूरी उपकरण चोरी होने के कारण शनिवार सुबह से जलापूर्ति बंद है। इससे ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है।

ग्राम प्रधानपति महेश पटेल ने बताया कि चोरी के कारण गांव में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्ट — अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]