जमीन में हिस्सेदारी को लेकर विवाद,पहली पत्नी पर पति की हत्या का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खेत में मिला 50 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर का शव, दूसरी पत्नी बीच-बचाव में घायल,वारदात के बाद आरोपी महिला फरार

कुशीनगर। जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर गांव में शनिवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर गांव के मदरहवां निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर पुत्र बेचू राजभर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुश्तैनी कृषि भूमि में हिस्सेदारी को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश राजभर की पहली शादी से तीन बेटियां और एक बेटा हैं। करीब 18 वर्ष पहले उन्होंने दूसरी शादी भी कर ली थी। दूसरी पत्नी से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि का कुछ हिस्सा बेच दिया था। जमीन में हिस्सेदारी नहीं मिलने से पहली पत्नी नाराज बताई जा रही थी। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद होने की जानकारी सामने आई है।

सुबह करीब छह बजे हुई वारदात

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब छह बजे गांव स्थित एक खेत में ओमप्रकाश और उनकी पहली पत्नी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहली पत्नी ने धारदार हथियार से ओमप्रकाश पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान मृतक की दूसरी पत्नी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जिसमें वह घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद आरोपी महिला फरार

वारदात के बाद आरोपी महिला के फरार होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी में भेज दिया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

थाना प्रभारी नेबुआ नौरंगिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]