छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के मामले में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग, नगर मजिस्ट्रेट ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

देहरादून। देहरादून के समर वैली पब्लिक स्कूल में छात्राओं के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़छाड़ और स्कूल निदेशक पर छात्रा को डराने-धमकाने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि स्कूल की 15 छात्राओं द्वारा प्राचार्य को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक छात्रा के परिजनों ने स्कूल निदेशक पर शिकायत के बाद छात्रा से अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। ऐसे में शिक्षक के साथ स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से छात्राओं के बयान संवेदनशील वातावरण में दर्ज कराने, उनकी पहचान गोपनीय रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही छात्राओं और परिजनों पर समझौते का दबाव न बनाने तथा आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई।

धरना स्थल पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनीं और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। छात्राओं की आवाज दबाने के बजाय उन्हें न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

 

रिपोर्टर – कमल शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]