मथुरा/वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 25 सितंबर की सुबह वह इमारत की चौथी मंजिल से करीब 40 फीट नीचे सड़क पर गिर गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें उन्हें सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है। हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामले में कई सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि करीब दो वर्षों से उन्हें रसिक दुलारी शरण से मिलने नहीं दिया गया। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि मौत की परिस्थितियों की जांच होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई की जाए।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने यमुना किनारे अंतिम संस्कार किया। छोटे भाई मनीष ने मुखाग्नि दी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









