बुलंदशहर में सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई, तमंचा-कारतूस व अर्टिगा कार बरामद
बुलंदशहर। सिकंदराबाद क्षेत्र में चोरी की घटना में वांछित बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कार सवार एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अर्टिगा कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से चोरी किए गए दो ट्रकों के एसीएम भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की घटनाओं में उसके साथ और कौन लोग शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद सामान और वाहन के संबंध में भी जांच की जा रही है। मुठभेड़ के पूरे घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका की जांच जारी है।









