चैनपट्टी कटान स्थल पर गरमाया माहौल, पूर्व मंत्री और पुलिस में तीखी नोकझोंक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। तमकुहीराज क्षेत्र के चैनपट्टी में नारायणी नदी के कटान स्थल पर मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह की गाड़ी को पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया। वाहन रोके जाने को लेकर पूर्व मंत्री और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच भी बहस की स्थिति बनी रही।

बताया जा रहा है कि नारायणी नदी के कटान को देखते हुए मौके पर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने वाहनों को कटान स्थल की ओर आगे जाने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह कटान स्थल पर जाने को लेकर पुलिस से उलझ गए।

मौके पर मौजूद समर्थकों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए, जिसके बाद कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन रोकने को लेकर पूर्व मंत्री और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।

उधर, नारायणी नदी के कटान को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से बचाव कार्य जारी है। कटान प्रभावित स्थल पर बालू की बोरियों और पत्थरों के जरिए नदी के कटाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। नदी के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर निगरानी कर रही हैं।

फिलहाल चैनपट्टी कटान स्थल पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]